रांची: झारखंड में मौसम की तल्खी ने अब अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है. पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश से मिली क्षणिक राहत के बाद अब सूरज के तेवर तल्ख होने वाले हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है, कि 19 और 20 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में भीषण हीटवेव (लू) का कहर बरपेगा. पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक और ऊपर चढ़ सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
इन जिलों में यलो अलर्ट, घर से निकलना होगा मुश्किल
मौसम विभाग ने विशेष रूप से राज्य के 7 जिलों को चिन्हित किया है, जहां गर्मी के सारे रिकॉर्ड टूट सकते हैं. 19 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू का सबसे ज्यादा असर दिखेगा. वहीं, 20 अप्रैल को कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में हीटवेव का तांडव देखने को मिल सकता है.
डाल्टनगंज बना प्रदेश का हॉटस्पॉट
वर्तमान में झारखंड का पारा 33.5 डिग्री सेल्सियस से 41.8 डिग्री सेल्सियस के बीच झूल रहा है. पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज (मेदिनीनगर) 41.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा. वहीं राजधानी रांची में 37.7 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
रविवार से शुरू होगा गर्मी का टॉर्चर
शुक्रवार को हुई हल्की बूंदाबांदी ने भले ही हवा में थोड़ी नमी घोल दी हो, लेकिन 18 अप्रैल से मौसम बिल्कुल शुष्क हो जाएगा. रविवार यानी 20 अप्रैल तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं कहर ढाएंगी.
सावधान रहें, सुरक्षित रहें
मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए 19 और 20 अप्रैल को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है. लू की चपेट में आने से बचने के लिए तरल पदार्थों का सेवन करें और शरीर को ढककर रखें.
यह भी पढ़ें: आइएसटीडी ने मनाया 56वां स्थापना दिवस, कार्यक्रम में डिजिटल लर्निंग और स्किल डेवलपमेंट पर दिया गया जोर
