News Wave Desk: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने आज 8 अगस्त से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है. सुबह से ही रांची समेत कई जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है और दिनभर में भारी बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्सों में आज भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तर-पूर्वी जिलों में भी कुछ जगहों पर तेज बारिश होने के आसार हैं. भारी बारिश के साथ वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है. विभाग द्वारा लोगों को बारिश और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.

आज और कल इन जिलों में विशेष सतर्कता
रांची, हजारीबाग, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू, लोहरदगा और रामगढ़ जिलों में फ्लैश फ्लड की आशंका जताई गई है. 9 अगस्त को भी राज्य में भारी बारिश होने के आसार हैं.

11 अगस्त तक जारी रह सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 अगस्त को भी राज्य में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है. हालांकि, भारी वर्षा की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती ,है लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और हवा में नमी बनी रहेगी.

शुक्रवार को राज्यभर में हुई अच्छी बारिश
शुक्रवार 7 अगस्त को झारखंड के अधिकांश जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई. राजधानी रांची में 11 मिमी बारिश हुई, जिससे यहां का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर में 4.9 मिमी बारिश हुई, जिससे यहां का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं डाल्टनगंज में 26.1 मिमी, चाईबासा में 18.4 मिमी और देवघर में सबसे अधिक 36 मिमी वर्षा दर्ज की गई. लोहरदगा में 25.5 मिमी और गढ़वा में 11.5 मिमी बारिश हुई, जबकि बोकारो और पाकुड़ में कम बारिश हुई.
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की मांगों पर झारखंड सरकार गंभीर, आज मोरहाबादी में होगी दूसरे दौर की वार्ता

