Chaibasa: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. ग्रामीणों की तत्परता और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने करीब 60 पशु को मवेशी तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है. इस दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो पिकअप वैन को भी जब्त कर ली है.
सुबह-सुबह वाहनों में क्रूरता से लादे जा रहे थे मवेशी
जानकारी के अनुसार, मामला सिमबिया गांव का है. ग्रामीण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार की सुबह करीब 7 बजे कुछ अज्ञात लोग दो पिकअप वैन में लगभग 50 से 60 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर लोड कर रहे थे. इन पशुओं अवैध रूप से बेचने के लिए कहीं बाहर ले जाने की तैयारी थी.

ग्रामीणों ने घेरा, पुलिस को देखते ही चालक फरार
संदेह होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर दोनों वाहनों को रोक लिया. पड़ताल करने पर पिकअप वैन संख्या OD 02 DG 5750 और JH 01 BQ 7527 में भारी संख्या में पशु लदे मिले. इसी बीच घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई. जैसे ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, दोनों वाहनों के चालक और तस्कर गाड़ियां मौके पर ही छोड़कर भाग निकले.

मामला दर्ज, तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
मुफस्सिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पिकअप वाहनों और उसमें लदे सभी 60 मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने अज्ञात गो-तस्करों और वाहन चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें: झारखंड का ऐतिहासिक पड़ाव: सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, कोल्हान का घना जंगल नक्सल-मुक्त – Newswave Jharkhand

