Chaibasa: उच्च शिक्षा के क्षेत्र में चक्रधरपुर एवं बन्दगांव क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित जवाहरलाल नेहरू (जे.एल.एन.) कॉलेज के व्यापक विकास एवं आधुनिकीकरण के लिए झारखंड सरकार ने लगभग 83.66 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी देते हुए टेंडर जारी कर दिया है. इस परियोजना के तहत कॉलेज परिसर में आधुनिक विज्ञान, कला एवं मल्टीपर्पज सह ऑडिटोरियम ब्लॉक का निर्माण कराया जाएगा.

दो चरणों में होगा निर्माण
जानकारी के अनुसार, झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा दो अलग-अलग चरणों में ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं. इस योजना के धरातल पर उतरने से क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
विज्ञान और कला ब्लॉक का निर्माण
परियोजना के प्रथम चरण (पार्ट-ए) के तहत ₹66.81 करोड़ की लागत से कॉलेज परिसर में जी+6 मंजिला विज्ञान ब्लॉक तथा बेसमेंट सहित जी+6 मंजिला आधुनिक कला ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा परिसर में अन्य आवश्यक आधारभूत विकास कार्य भी किए जाएंगे. इस कार्य को पूरा करने के लिए 24 माह की अवधि निर्धारित की गई है.
आधुनिक ऑडिटोरियम भी बनेगा
दूसरे चरण (पार्ट-बी) में ₹16.84 करोड़ की लागत से जी+5 मंजिला मल्टीपर्पज सह ऑडिटोरियम (एसआरसी) ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा. यह भवन शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य बड़े आयोजनों के लिए उपयोगी होगा. इस कार्य को 12 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
जल्द शुरू होगा काम
दोनों परियोजनाओं की ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा. परियोजना पूरी होने पर जे.एल.एन. कॉलेज का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यह संस्थान आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से लैस प्रमुख शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित होगा.
बसंती पुरती ने जताया आभार
इस ऐतिहासिक स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला परिषद सदस्य बसन्ती पुरती ने कहा कि यह योजना ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी.
उन्होंने कहा कि जे.एल.एन. कॉलेज में इतनी बड़ी विकास योजना का आना हमारे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए गौरव की बात है. अब उच्च शिक्षा और विज्ञान की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. यह परियोजना चक्रधरपुर को शिक्षा के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी. इसके लिए मैं झारखंड सरकार एवं स्थानीय विधायक के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं.
