लोहरदगा में झामुमो का उग्र प्रदर्शन, नीट पेपर लीक के विरोध में मानव संसाधन मंत्रालय का पुतला दहन

Lohardaga: नीट (यूजी) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष मोजम्मिल...

JMM Lohardaga
झामुमो का उग्र प्रदर्शन

Lohardaga:  नीट (यूजी) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के निर्देशन व नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में नगर कमिटी एवं छात्र मोर्चा की सक्रिय भागीदारी रही. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय का पुतला दहन कर केंद्र सरकार और एनटीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और समर्थक शामिल हुए. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सभी नेता और कार्यकर्ता झामुमो जिला कार्यालय में एकत्रित हुए. वहां से नेताओं के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरते हुए सुभाष चौक (पावरगंज चौक) पहुंचा.

नीट परीक्षा में हुई धांधली लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ क्रूर मजाक

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने छात्र विरोधी नीति बंद करो, एनटीए जवाब दो और पेपर लीक बंद करो जैसे नारों के साथ अपना आक्रोश जताया. सुभाष चौक पहुंचकर केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय का पुतला दहन किया गया. इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, कि नीट परीक्षा में हुई धांधली ने देश के लाखों मेहनती और मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ क्रूर मजाक किया है. उन्होंने कहा कि आज देश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है.

वर्षों की मेहनत और सपनों को भ्रष्ट व्यवस्था ने कुचलने का काम किया है. केंद्र सरकार और एनटीए परीक्षा की निष्पक्षता बचाने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं. यदि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो झामुमो सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज करेगा. उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार हो रही अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है. युवाओं का भविष्य बेचने वालों को देश माफ नहीं करेगा.

छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं

वहीं छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष अतीश ने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की. कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने चेतावनी दी, कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: नीट पेपर लीक के खिलाफ गिरिडीह में उबाल, झारखंड छात्र मोर्चा ने फूंका केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *