Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्रों के आंदोलन को अब बॉलीवुड से भी समर्थन मिल रहा है. बॉलीवुड अभिनेता पीयूष मिश्रा आज आंदोलन स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की. उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और आंदोलन की वजह जानी. पीयूष मिश्रा ने छात्रों से बातचीत के दौरान उनके संघर्ष को समझने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज अकेली नहीं है, पूरा देश उनके साथ खड़ा है. उन्होंने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाया और उनकी मांगों को लेकर समर्थन जताया.

छात्रों से बैठकर सुनी समस्याएं
आंदोलन स्थल पर पहुंचने के बाद पीयूष मिश्रा ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से सीधे बातचीत की. छात्रों ने उन्हें JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर अपनी शिकायतों, कथित अनियमितताओं और अब तक चल रहे आंदोलन के बारे में जानकारी दी. पीयूष मिश्रा के पहुंचने से आंदोलन कर रहे छात्रों में भी उत्साह देखने को मिला. पिछले कुछ दिनों में इस आंदोलन को अलग-अलग छात्र संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों का समर्थन मिलता रहा है.

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ ABVP का CM आवास मार्च में विद्यार्थियों की गिरफ्तारी निंदनीय : ABVP

देशभर के लोग छात्रों के साथ
अभिनेता ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि परीक्षा और भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग केवल झारखंड के छात्रों का मुद्दा नहीं है. उन्होंने कहा कि अपने अधिकार और भविष्य के लिए आवाज उठा रहे छात्रों के साथ देश के लोग खड़े हैं. बता दें कि JPSC-JSSC से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर रांची में कई दिनों से आंदोलन चल रहा है. छात्र परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित गड़बड़ियों की जांच और दोषियों पर कार्रवाई समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत भी हुई है, लेकिन आंदोलन अभी जारी है.
Cockroach Janta Party के डेलीगेट भी पहुंचे
इसी बीच Cockroach Janta Party के डेलीगेट भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे. उन्होंने छात्रों से मुलाकात कर JPSC-JSSC आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया.

