JPSC-JSSC परीक्षा विवाद: छात्रों का जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में महाजुटान, फिरायालाल चौक तक निकाली संविधान यात्रा

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, विसंगतियों और अभ्यर्थियों की लंबित...

Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, विसंगतियों और अभ्यर्थियों की लंबित मांगों को लेकर राजधानी रांची में छात्रों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला. कचहरी चौक स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में राज्य के सभी 24 जिलों से आए हजारों अभ्यर्थी एकजुट हुए और आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.

पोस्टर और नारों के जरिए जताया विरोध

स्टेडियम में जुटे छात्र-छात्राओं के हाथों में पोस्टर, बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर सरकार और परीक्षा एजेंसियों की नीतियों के खिलाफ विभिन्न नारे लिखे थे. अभ्यर्थियों ने “JPSC छात्रों के साथ खिलवाड़ करना बंद करो”, “उत्पाद सिपाही भर्ती में सेटिंग-गेटिंग बंद करो”, “JPSC-JSSC पर जवाबदेही तय करो”, “JPSC सीट का दाम बताओ, हम पैसा जुगाड़ कर रहे हैं” जैसे नारों के माध्यम से अपनी नाराजगी जताई. कई अभ्यर्थियों के हाथों में भगवान बिरसा मुंडा के पोस्टर और भारत के संविधान की प्रति भी दिखाई दी.

स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक संविधान यात्रा

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्र होने के बाद हजारों अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्ण तरीके से फिरायालाल चौक तक संविधान यात्रा निकाली. प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि देश और राज्य संविधान के अनुसार चलते हैं. वे संविधान की मर्यादा में रहकर अपनी आवाज उठा रहे हैं और इसी संविधान के बल पर सरकार से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे.

Also Read: BREAKING: झारखंड शराब घोटाला: ACB ने कसी नकेल, 3 पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों को समन, टेंडर से लेकर बैंक गारंटी तक खंगाली जा रही हर फाइल

अनिश्चितकालीन धरने का किया ऐलान

अभ्यर्थियों ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया और जवाबदेही तय नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. छात्र नेताओं ने घोषणा की कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम को रांची का “जंतर-मंतर” बनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि बुधवार से सैकड़ों अभ्यर्थी स्टेडियम परिसर में ही अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *