Ranchi: झारखंड के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षक बनने की चाह रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक अहम खबर है. झारखंड अकादमिक परिषद (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को लेकर एक नई आधिकारिक अधिसूचना जारी की है. सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेशों का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने कार्यरत सहायक शिक्षकों और पारा शिक्षकों (सहायक अध्यापकों) को इस परीक्षा में शामिल होने का एक और बड़ा मौका दिया है. इसके साथ ही, विभाग ने सभी अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 20 जुलाई कर दिया है.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बदला नियम
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देशानुसार, अब राज्य के वे सभी कार्यरत सहायक शिक्षक और पारा शिक्षक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे, जिनकी उम्र 60 वर्ष के भीतर है. कोर्ट के आदेश के बाद अब पारंपरिक बीएड या डीएलएड डिग्रीधारियों के अलावा निम्नलिखित योग्यता रखने वाले सेवारत शिक्षकों को भी आवेदन का मौका मिला है.

• वे सहायक शिक्षक जो अपनी सेवा के दौरान प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण उत्तीर्ण कर चुके हैं.
• वे पारा शिक्षक जो डीपीई उत्तीर्ण हैं या जिन्होंने एनआईओएस से शिक्षक प्रशिक्षण के साथ 6 महीने का ब्रिज कोर्स पूरा किया है.
• इन सभी अर्हता प्राप्त शिक्षकों के लिए आवेदन करने का विशेष विकल्प 24 जून 2026 से पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया जाएगा. जिन शिक्षकों ने पूर्व में आवेदन नहीं किया है, वे इस तय समय में अपना फॉर्म भर सकते हैं. हालांकि, जिन्होंने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की कोई जरूरत नहीं है।
कोटि और परीक्षा के स्तर (लेवल) में सुधार की प्रक्रिया
अगर किसी अभ्यर्थी को अपनी जाति की कोटि या परीक्षा के लेवल में सुधार करना है, तो इससे उनके परीक्षा शुल्क (फीस) पर असर पड़ता है. ऐसे अभ्यर्थियों को अपना पुराना फॉर्म रद्द करना होगा और नए सिरे से नया आवेदन भरना होगा. यह काम वर्तमान में आवेदन के लिए निर्धारित अंतिम तिथि यानी 20 जुलाई 2026 तक ही किया जा सकता है.
नाम, पता और विषय जैसी सामान्य गलतियों में सुधार की प्रक्रिया
जिन अभ्यर्थियों को अपने नाम, माता-पिता के नाम, जन्म तिथि, पता या चुने गए विषय आदि में सुधार करना है, उनके लिए राहत की बात यह है कि इससे फीस पर कोई असर नहीं पड़ता. ऐसे अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तिथि (20 जुलाई 2026) बीत जाने के बाद पोर्टल पर अलग से सुधार करने का अवसर दिया जाएगा.
Also Read: 7.50 करोड़ की 70 सिटी बसें कबाड़, 244 बसों की योजना फाइलों में दफ्न; अब 17 नई बसों पर निगम की नजर


