Khunti: जिले में पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादी के बीच एनकाउंटर की घटना सामने आई है. यह घटना रविवार की सुबह जिले के कर्रा- जरियागढ़ बॉर्डर के पास हुई है. यह एनकाउंटर की घटना उस वक्त हुई जब खूंटी पुलिस के द्वारा फायरिंग, वाहनों में आगजनी और ठेकेदारों से लेवी मांगने की घटना में शामिल पीएलएफआई उग्रवादी श्रवण दास को गिरफ्तार किया गया था. उससे पूछताछ के दौरान पता चला, कि उसने जरियागढ़ इलाके में बड़े पैमाने पर हथियार छिपाकर कर रखा है. जिसके बाद पुलिस की एक टीम उसे रविवार की सुबह अपने साथ लेकर हथियार बरामद करने को लेकर गई थी. इसी दौरान श्रवण दास ने एक पुलिस वाले का हथियार छीनकर जंगल की ओर भागने लगा और फायरिंग करने लगा. इसके बाद पुलिस की टीम के द्वारा भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें श्रवण दास के पैर में गोली लगी है. जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं दूसरी तरफ जिले के एसपी ऋषभ गर्ग के समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. पुलिस ने मौके से तीन हथियार भी बरामद किया है.


