Khunti: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर खूंटी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. इसी कड़ी में सोमवार को खूंटी के कचहरी मैदान में जिला पुलिस द्वारा विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें दंगाईयों और असामाजिक तत्वों से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया गया. मॉक ड्रिल के दौरान जिला पुलिस बल, जैप और रैफ की टीमों ने संभावित हिंसक परिस्थितियों से निपटने का प्रदर्शन किया.

आपात स्थिति में तत्काल एक्शन लेते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता
अभ्यास के तहत भीड़ नियंत्रण, हवाई फायरिंग, अश्रुगैस के गोले दागने और उपद्रवियों पर त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया को विस्तार से प्रदर्शित किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल एक्शन लेते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी. जिले के पुलिस कप्तान ऋषभ गर्ग ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने बताया कि पूर्व में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ था, लेकिन रामनवमी के दौरान मुरहू में हुई हिंसक झड़पों को देखते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती
एसपी ने कहा कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों और चौक-चौराहों पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी. शहर के प्रमुख स्थानों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी. वहीं महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला बटालियन की भी तैनाती रहेगी.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्थरबाजी या किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. किसी भी तरह की अफवाह या तनावपूर्ण स्थिति की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को देने की अपील भी आमजनों से की गई है.
पुलिस प्रशासन ने आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए एम्बुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की भी विशेष व्यवस्था की है. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है. खूंटी पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से शांति, भाईचारे और सहयोग के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में आम लोगों की भागीदारी सबसे अहम है.
यह भी पढ़ें: 30 मई को छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन (इंटक) का भव्य महाधिवेशन आयोजित
