Click Here
Click Here
Click Here

17 सेकंड में नेपाल के खिलाड़ी को किया नॉकआउट, गोड्डा के देवगन मरांडी बने देश के नए MMA स्टार

Godda: झारखंड के गोड्डा जिले के लालमटिया का एक युवा आज पूरे जिले और राज्य का गौरव बन गया है. प्रोफेशनल MMA...

Godda: झारखंड के गोड्डा जिले के लालमटिया का एक युवा आज पूरे जिले और राज्य का गौरव बन गया है. प्रोफेशनल MMA (मिक्स्ड मार्शल आर्ट) की अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय फाइट में देवगन मरांडी ने नेपाल के खिलाड़ी को महज 17 सेकंड में नॉकआउट कर इतिहास रच दिया. इस शानदार जीत के बाद जब वह अपने गांव लौटे तो ग्रामीणों ने उन्हें किसी हीरो की तरह गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया. कोलकाता में आयोजित प्रोफेशनल MMA प्रतियोगिता में भारत और नेपाल के तीन-तीन खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्ग में हिस्सा लिया. 65 किलोग्राम फेदरवेट वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे देवगन मरांडी का मुकाबला नेपाल के सुनील पहन से हुआ. मुकाबला शुरू होते ही देवगन ने आक्रामक अंदाज अपनाया और महज 17 सेकंड के भीतर प्रतिद्वंद्वी को नॉकआउट कर जीत अपने नाम कर ली. इस प्रतियोगिता में उन्होंने 11-3 के स्कोर से शानदार बढ़त हासिल की.

लालमटिया के बेटे ने बढ़ाया देश का मान

गोड्डा के छोटे से गांव लालमटिया से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा बुलंद करने वाले देवगन मरांडी की यह जीत पूरे इलाके के लिए गर्व का विषय बन गई है. गांव लौटने पर स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. ग्रामीणों ने कहा कि देवगन ने यह साबित कर दिया है कि गांवों की प्रतिभा भी विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती है.

दीपिका सिंह पांडेय ने सोशल मीडिया पर दी बधाई

देवगन मरांडी की इस ऐतिहासिक जीत पर ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री, झारखंड सरकार  दीपिका सिंह पांडेय ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई दी. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि गोड्डा जिले के होनहार खिलाड़ी देवगन मरांडी को उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय MMA प्रतियोगिता में शानदार जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. नेपाल के खिलाड़ी को हराकर आपने न केवल गोड्डा और झारखंड, बल्कि पूरे देश का नाम भी गौरवान्वित किया है. आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि प्रतिभा को अवसर मिले तो वह विश्व मंच पर भी अपना परचम लहरा सकती है. आपके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं.”

पहली इंटरनेशनल फाइट, लेकिन ऐतिहासिक जीत

जीत के बाद देवगन मरांडी ने कहा कि यह उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल फाइट थी और इसे यादगार बनाने की उन्होंने पूरी कोशिश की. तीन मिनट की फाइट को सिर्फ 17 सेकंड में खत्म करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा. उन्होंने कहा कि उनका सपना भारत के लिए लगातार मेडल और सम्मान जीतना है.

अब बेंगलुरु की तैयारी

देवगन ने बताया कि अगले महीने बेंगलुरु में आयोजित होने वाली एक बड़ी प्रोफेशनल MMA प्रतियोगिता में वह हिस्सा लेंगे. इसके लिए उन्होंने अभी से कड़ी ट्रेनिंग और विशेष तैयारी शुरू कर दी है. उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम और ऊंचा करना है.

युवाओं के लिए बने प्रेरणा

देवगन मरांडी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें चारों ओर से बधाइयां मिल रही हैं. लोगों का कहना है कि उन्होंने न केवल गोड्डा और झारखंड, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है. उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि प्रतिभा को मेहनत और अवसर मिले तो गांव का एक साधारण युवा भी विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकता है.

WhatsApp-Image-2026-06-15-a
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *