कोडरमा: 65 वर्षीय महिला को ‘डायन’ बताकर पीटा, बेटे की मौत को लेकर पुरानी रंजिश का आरोप

Koderma: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के चंद्रघटी गांव में 65 वर्षीय महिला को कथित तौर पर डायन बताकर मारपीट और गाली-गलौज...

Koderma: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के चंद्रघटी गांव में 65 वर्षीय महिला को कथित तौर पर डायन बताकर मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है. पीड़िता माधुरी देवी ने 21 अगस्त को कोडरमा एसपी को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बकरी लेकर जा रही थीं, रास्ते में रोककर किया विवाद

पीड़िता माधुरी देवी, पति बाबूलाल रविदास, निवासी चंद्रघटी, पोस्ट कांको ने आवेदन में बताया कि 17 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे वह बकरी लेकर सार्वजनिक चबूतरा के पास जा रही थीं. इसी दौरान गांव के अजय रविदास और धानेश्वर रविदास ने उन्हें रोक लिया. माधुरी देवी का आरोप है कि दोनों ने उन्हें डायन कहकर अपशब्द कहे और उनके बेटे की मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया. विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी.

गांव से निकालने की दी धमकी

पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर गांव की अन्य महिलाएं और पुरुष भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने भी उन्हें डायन कहकर गांव से निकाल देने की धमकी दी. घटना के बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है.

बेटे की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद

माधुरी देवी ने अपने आवेदन में बताया कि 24 जून 2026 को मोटरसाइकिल दुर्घटना में उनके पुत्र सन्नी रविदास की मौत हो गई थी. इसी दुर्घटना में सनोज रविदास और संतोष रविदास को मामूली चोटें आई थीं. पीड़िता का आरोप है कि बेटे की मौत को लेकर पुरानी रंजिश के कारण उन्हें डायन बताकर प्रताड़ित किया जा रहा है.

एसपी से कार्रवाई की मांग

पीड़िता ने कोडरमा एसपी से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

ALSO READ: गुमला: लीड बैंक योजना की संशोधित मार्गदर्शिका पर जिला स्तरीय कार्यशाला, साइबर सुरक्षा एवं वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ करने पर जोर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *