Koderma: कोडरमा पुलिस ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र को लूटने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. हजारीबाग पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा बस्ती में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने 4 हथियारबंद अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि तीन अन्य को मौके से दबोच लिया गया.
पुलिस अधीक्षक को 17/18 अगस्त की मध्यरात्रि में सूचना मिली थी कि इंदरवा बस्ती से झरनाकुंड जाने वाले रास्ते के किनारे 5-6 हथियारबंद अपराधी जमा हैं और बैंक डकैती की योजना बना रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए SDPO कोडरमा के नेतृत्व में तिलैया थाना प्रभारी पु0नि0 विनय कुमार और कोडरमा थाना प्रभारी पु0नि0 अरविंद कुमार के साथ विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
मुठभेड़ में एक घायल
टीम जब मौके पर पहुंची तो खजूर के पेड़ के पास मोबाइल की रोशनी में 5-6 लोग बैठकर बात कर रहे थे. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इसके बाद अपराधियों ने फायरिंग बंद कर दी.
पुलिस ने घेराबंदी कर 4 अपराधियों को पकड़ लिया. इसमें प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा के दाहिने पैर में गोली लगी थी. उसे प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया है. बाकी तीन बदमाशों – सन्नी कुमार, अतुल कुमार मिश्रा और अमन राज को गिरफ्तार कर लिया गया. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुए हैं.
15 दिन से कर रहे थे रेकी
पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि वे पिछले 15 दिनों से तिलैया क्षेत्र में डेरा जमाकर कोडरमा स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र को लूटने की योजना बना रहे थे.
पुलिस ने उनके पास से 3 लोडेड पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन, 4 मोबाइल, पेचकश, टोपी, सेलोटेप और बड़े झोले बरामद किए हैं. मोबाइल की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की रेकी से संबंधित फोटो और वीडियो भी मिले हैं.
गिरफ्तार अभियुक्त
- प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा – 23 वर्ष, पिता सवलिया पांडेय, सराय डौली, थाना भगवानपुर हाट, जिला सिवान, बिहार
- सन्नी कुमार – 22 वर्ष, पिता बब्लू कुमार सिंह, रघुनाथपुर ईमातपुर, थाना भवनाथपुर, जिला वैशाली, बिहार
- अतुल कुमार मिश्रा – 19 वर्ष, पिता सुजय मिश्रा, रघुनाथपुर ईमातपुर, थाना भवनाथपुर, जिला वैशाली, बिहार
- अमन राज – 20 वर्ष, पिता अजय कुमार सिंह, रघुनाथपुर ईमातपुर, थाना भवनाथपुर, जिला वैशाली, बिहार
बरामद सामान
पुलिस ने 3 लोडेड पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन, itel, Vivo और Motorola कंपनी के 4 मोबाइल, 3 पिट्ठू बैग, सेलोटेप, 2 टोपी, 2 बड़े झोले और 2 पेचकश बरामद किए हैं.
इस संबंध में तिलैया थाना में कांड संख्या 238/2026, दिनांक 18.08.2026, BNS की धारा 115(2)/117(2)/118(1)/109(1)/12(1)/132/310(4)/310(5)/3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)A/26/27/35 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब इनके अन्य साथियों और गिरोह के सरगना की तलाश में जुटी है.
