Koderma: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर के समीप मोहर्रम को लेकर निकाले गए जुलूस को पुलिस द्वारा रोके जाने पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई है. मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर के हवन कमेटी द्वारा शुक्रवार को मोहर्रम पर्व को लेकर एक जुलूस निकाला गया था. इस जुलूस में धार्मिक झंडों के साथ-साथ अखाड़ा कमिटी द्वारा डीजे वाहन को भी शामिल किया गया था, जिसको लेकर नवलशाही पुलिस द्वारा डीजे वाहन को यह कह कर रोका गया, कि राज्य सरकार द्वारा सख्त आदेश है कि किसी प्रकार के जुलूस में डीजे वाहन को सम्मिलित नहीं किया जाना है. पुलिस का कहना है कि हवन कमेटी द्वारा डीजे को जुलूस में शामिल करना सरकार के आदेशों का उल्लंघन है.
वाहन में डीजे जैसा कोई साउंड सिस्टम नहीं
पुलिस द्वारा जुलूस को रोकते ही मुस्लिम धर्मावलंबी नाराज हो गए और जमकर इसका विरोध करने लगे. जुलूस में शामिल लोगों का कहना है, कि जिस वाहन को पुलिस डीजे वाहन कह कर जुलूस को रोक रही है, दरअसल उसमें डीजे जैसा कोई साउंड सिस्टम नहीं लगा हुआ है और वे लोग बड़े ही शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस लेकर आगे बढ़ रहे हैं. वहीं जुलूस में शामिल महिलाओं को कहना है कि इस प्रकार शांतिपूर्ण माहौल में भी पुलिस द्वारा रोक-टोक करना किसी भी प्रकार से सही नहीं है. जुलूस में शामिल लोग पुलिस के इस रवैये से खासा नाराज नजर आ रहे हैं. वहीं पुलिस की टीम ने कमेटी को और उसके लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया है.



