कोडरमा: ध्वजाधारी धाम पदयात्रा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की समीक्षा

Koderma: 24 अगस्तको झुमरी तिलैया स्थित झरना कुंड धाम से ध्वजाधारी धाम तक लगभग 15 किलोमीटर की पदयात्रा होगी. बड़ी संख्या में...

Koderma: District administration on alert regarding Dhwajadhari Dham *padyatra*; preparations reviewed.

Koderma: 24 अगस्तको झुमरी तिलैया स्थित झरना कुंड धाम से ध्वजाधारी धाम तक लगभग 15 किलोमीटर की पदयात्रा होगी. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, विधि-व्यवस्था, चिकित्सा, पेयजल और स्वच्छता की व्यापक तैयारी की है. पदयात्रा के बाद ध्वजाधारी धाम में जलाभिषेक किया जाएगा. इसे लेकर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता और पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई. अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.

समय से पहले ड्यूटी पर पहुंचेंगे अधिकारी

उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल को तय समय से पहले अपने कर्तव्य स्थल पर पहुंचने और कार्यक्रम समाप्ति तक बने रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भीड़ को देखते हुए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और मुस्तैदी से कार्य करें. पदयात्रा मार्ग पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल, जिसमें महिला पुलिस बल भी शामिल है, की तैनाती की गई है. जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने जोन में तैनात रहकर निगरानी करेंगे.

असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी

पुलिस को निर्देश दिया गया कि पदयात्रा के दौरान असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और अप्रिय स्थिति से पहले कार्रवाई की जाए. तिलैया और कोडरमा थाना क्षेत्र में सघन गश्ती दल तैनात किया गया है. भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.

यह भी पढ़ें: JSSC-CGL व JPSC परीक्षा धांधली: CID की रिमांड पर मास्टरमाइंड अभय तिवारी समेत तीन आरोपी, SIT कर रही पूछताछ

यातायात के लिए बैरियर और वन-वे व्यवस्था

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मार्ग पर बैरियर लगाए जाएंगे और जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी. यातायात पुलिस लगातार निगरानी करेगी ताकि पदयात्रियों और आम राहगीरों को परेशानी न हो. आपातकालीन वाहनों के लिए अलग व्यवस्था रहेगी.

ध्वजाधारी धाम में अस्थायी नियंत्रण कक्ष

श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रम के संचालन के लिए ध्वजाधारी धाम परिसर में अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा. इसके माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी.

चार स्थानों पर चिकित्सा दल

श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने के लिए चार स्थानों- ध्वजाधारी पहाड़, ध्वजाधारी धाम परिसर, रांची-पटना एनएच-20 पर महावीर मंदिर के पास और झरना कुंड धाम में चिकित्सा दल तैनात रहेंगे. इसके अलावा पूरे 15 किलोमीटर मार्ग पर चलंत चिकित्सा सेवा रहेगी. धाम परिसर में दो एंबुलेंस और मेडिकल कैंप की भी व्यवस्था रहेगी.

पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था

पदयात्रा मार्ग पर चिन्हित स्थानों पर टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा. नगर परिषद कोडरमा और नगर पंचायत झुमरी तिलैया को साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का निर्देश दिया गया है. उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग समन्वय से कार्य करें और व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लें. पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को प्राथमिकता देने और अफवाहों पर रोक लगाने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी समस्या पर तुरंत पुलिस को सूचित करें. बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
……………

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *