कोडरमा: NCORD की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित, DC ने दिए सख्त निर्देश

Koderma: समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में NCORD से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में...

Koderma: समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में NCORD से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

औषधि दुकानों के ऑनलाइन निबंधन का निर्देश

डीसी ने औषधि निरीक्षक को जिले के सभी औषधि विक्रय संस्थानों का एबीडीएम योजना के तहत शत-प्रतिशत ऑनलाइन निबंधन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित औषधि दुकानों की नियमित जांच करते हुए उनके निबंधन एवं दवाओं के स्टॉक की स्थिति की निगरानी करने को कहा गया.

होटल और ढाबों पर होगी नियमित छापेमारी

राष्ट्रीय राजमार्ग के 250 मीटर एवं 500 मीटर की परिधि में स्थित होटल एवं ढाबों में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने उत्पाद अधीक्षक को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित सभी होटलों एवं ढाबों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध रूप से शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक

डीसी उत्कर्ष गुप्ता ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया. विद्यालयों की 100 मीटर की परिधि में मादक पदार्थों एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया.

खाद्य सामग्रियों की भी होगी जांच

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाकर खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों की जांच करने का निर्देश दिया गया.

तंबाकू और ई-सिगरेट की बिक्री पर सख्ती

डीसी  ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बिना चेतावनी वाले तंबाकू उत्पाद, खुली सिगरेट एवं ई-सिगरेट की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने तंबाकू उत्पाद बेचने वाले विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध रूप से शराब के निर्माण एवं बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए उत्पाद अधीक्षक नियमित छापेमारी अभियान चलाएं और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ: सिमडेगा: पुलिस लाइन के पास रास्ता बंद होने से ग्रामीण परेशान, DC को सौंपा ज्ञापन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *