Simdega: पुलिस लाइन के समीप पुलिस द्वारा अपनी निजी भूमि की घेराबंदी कर रास्ता बंद किए जाने के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने उपायुक्त कंचन सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों ने बताया कि उक्त रास्ते से आसपास के हजारों परिवार वर्षों से आवागमन करते आ रहे हैं. रास्ता बंद होने के कारण अब लोगों को कई किलोमीटर घूमकर दूसरे मार्ग से जाना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दिनों में यह रास्ता ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है. आपात स्थिति में एंबुलेंस समेत अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग किया जाता है. रास्ता बंद होने से बारिश के दौरान गांव के लोगों के सामने गंभीर परेशानी उत्पन्न हो सकती है और गांव का संपर्क प्रभावित होकर टापू जैसी स्थिति बन सकती है.
ग्रामीणों ने DC से रास्ता खुलवाने की मांग की
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप करते हुए जल्द रास्ता खुलवाने की मांग की, ताकि आम लोगों का आवागमन सुचारू रूप से जारी रह सके और किसी तरह की आपात स्थिति में परेशानी न हो.
पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया
इधर, पुलिस लाइन के सार्जेंट मेजर रंजीत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त जमीन पुलिस लाइन की है और उसकी दीवार कमजोर होने के कगार पर है. सुरक्षा कारणों से रास्ते को बंद किया गया है. उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के लिए जो पुराना वैकल्पिक मार्ग है, उस पर आवागमन किया जा सकता है.

