Kodrema: जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल ने सोमवार को मरकच्चो एवं जयनगर प्रखंड का दौरा कर जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने राशन डीलरों के साथ बैठक कर खाद्यान्न वितरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया.
अनियमितता पाए जाने पर संबंधित डीलर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलरों को पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने, लाभुकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने, ई केवाईसी करने, नमक चना दाल का वितरण करने, जून माह का खाद्यान्न वितरण ससमय करने तथा वितरण से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित डीलर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. दौरे के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह पंचायत राज पदाधिकारी ने पंचायत भवन का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली. पंचायत ज्ञान केंद्र के संचालन की स्थिति, पंचायत का रखरखाव, वी एल ई, पंचायत सहायक द्वारा किए जा रहे कार्यों, रोकड़ पंजी की जांच कर अद्यतन रखने के निर्देश संबंधित पंचायत सचिव को दी गई. इसके साथ ही उन्होंने एसएफसीआई (SFCI) गोदाम का भी निरीक्षण किया तथा खाद्यान्न के भंडारण, रख-रखाव एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक, सुरक्षा व्यवस्था तथा रिकॉर्ड संधारण की जांच की गई. उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए. इस दौरान जिला पंचायत प्रबंधक सुनील कुमार सिंह, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक, सभी राशन दुकान संचालक सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.

AlsoRead:मोदी सरकार में जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी विरासत को मिल रही नई राष्ट्रीय पहचान : आदित्य साहू


