Koderma: सावन की अंतिम सोमवारी पर ध्वजाधारी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. श्री राम संकीर्तन मंडल की ओर से आयोजित कांवर पदयात्रा में कोडरमा के अलावा चतरा, हजारीबाग और गिरिडीह समेत अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए. सुबह झुमरीतिलैया के झरनाकुंड धाम से कांवरियों ने जल उठाया और करीब 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर ध्वजाधारी धाम पहुंचे. इस दौरान पूरा मार्ग बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा. ध्वजाधारी पहाड़ पहुंचने के बाद कांवरियों ने 777 सीढ़ियां चढ़कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. मान्यता है कि सावन में यहां पूजा और जलाभिषेक करने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए, जहां शर्बत, नींबू पानी और फलाहार की व्यवस्था की गई. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था संभाली.

AlsoRead:सुप्रीम कोर्ट के नोटिस से छात्रों को जगी न्याय की उम्मीद, आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

