Deoghar: सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. पूरा बाबाधाम ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा. अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिर और पूरे मेला क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई हैं.

रविवार को 1,87,239 श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जल
श्रावणी मेले के 25वें दिन रविवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट निर्धारित समय पर खोला गया. इसके बाद सुबह 4:11 बजे से आम कांवरियों के लिए अरघा के माध्यम से जलार्पण शुरू हुआ. रविवार को कुल 1,87,239 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ को जल चढ़ाया. इनमें बाहरी अरघा से 86,364 और आंतरिक अरघा से 1,00,875 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया.
मंदिर से बाहर तक पहुंची कांवरियों की कतार
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण रविवार को कतार मंदिर परिसर से बाहर निकलकर सरदार पंडा लेन तक पहुंच गई. ओवरब्रिज गली में भी कांवरियों की लंबी कतार लगी रही, जिससे कई घंटे तक जाम जैसी स्थिति बनी रही.
फूलों से सजा बाबा का दरबार
अंतिम सोमवारी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया है. मंदिर के मुख्य द्वारों और परिसर के अन्य मंदिरों को भी फूलों की लड़ियों से सजाया जा रहा है. सजावट के लिए कोलकाता से फूल और कारीगर बुलाए गए हैं.
अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट
अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत कर दी है. पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है और अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
प्रशासन का मुख्य जोर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से जलार्पण कराने पर है. भीड़ की निगरानी, कतार व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिस तथा प्रशासनिक टीमें लगातार सक्रिय हैं. अंतिम सोमवारी को बड़ी संख्या में कांवरियों के देवघर पहुंचने की संभावना है.
ALSO READ : कोडरमा: अंतिम सोमवारी पर ध्वजाधारी धाम में उमड़ी आस्था, 15 किमी पैदल चल 777 सीढ़ियां चढ़े कांवरिए

