Koderma: थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी में शुक्रवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना हो गई. इस हादसे में एक ट्रक चालक बाल-बाल बच गया और उसे हल्की-फुल्की चोटें आईं. जानकारी के अनुसार कोलकाता से पेट्रोल पंप का सामान लोड कर एक ट्रक पटना की ओर जा रहा था. कोडरमा घाटी के समीप अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया. इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और आगे चल रहे दूसरे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल चालक को तत्काल बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया. डॉक्टरों के अनुसार चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य किया और वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया. प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस हादसे के बाद घाटी में कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.
AlsoRead:झारखंड का मजदूर दुबई में परेशान, दूतावास से हस्तक्षेप की मांग



