PM Modi’s New Zealand visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से न्यूजीलैंड के ऑकलैंड के लिए रवाना हो गए हैं. यह उनकी तीन देशों की यात्रा का अंतिम चरण है. प्रधानमंत्री मोदी 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर वहां आधिकारिक दौरे पर रहेंगे. खास बात यह है कि पिछले 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा होगी. ऑकलैंड पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. दोनों नेता व्यापार, निवेश, रक्षा और अन्य अहम क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे. पिछले दो वर्षों में भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार और रक्षा सहयोग में उल्लेखनीय प्रगति हुई है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में अब भी बारिश का कोटा पूरा नहीं, 37 फीसदी की कमी, किसान चिंतित

पीएम मोदी उद्योगपतियों और खेल जगत के हस्तियों से भी करेंगे मुलाकात
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ऑकलैंड में प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे. इसके अलावा, वह भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे, जो भारत और न्यूजीलैंड के बीच मजबूत जन-से-जन संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है.
FTA के मुद्दे पर लेबर पार्टी ने न्यूजीलैंड सरकार का किया समर्थन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले न्यूजीलैंड की लेबर पार्टी ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर सरकार का खुलकर समर्थन किया है. लेबर पार्टी की विदेश मामलों की प्रवक्ता वनुशी वॉल्टर्स ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि यह समझौता दोनों देशों के रिश्तों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. उन्होंने कहा कि एफटीए को केवल एक सरकार के कार्यकाल तक सीमित नहीं देखा जा सकता, बल्कि इसे लंबे समय तक दोनों देशों की प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाएगा. वॉल्टर्स ने बताया कि इस समझौते को न्यूजीलैंड की सत्तारूढ़ नेशनल पार्टी और विपक्षी लेबर पार्टी, दोनों का द्विदलीय समर्थन प्राप्त है. उनके अनुसार, अब असली चुनौती इस समझौते को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने की है. उन्होंने कहा कि अगले 15 वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. साथ ही छात्रों और कामगारों के लिए वीजा व्यवस्था को मजबूत करने और भारतीय श्रमिकों के कानूनी और मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा. उन्होंने इसे भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के नए दौर की शुरुआत बताया.
यह भी पढ़ें: झारखंड का मजदूर दुबई में परेशान, दूतावास से हस्तक्षेप की मांग
न्यूजीलैंड के पीएम ने कहा- भारतीय बाजार में उसके निर्यातकों के लिए नए अवसर खुलेंगे
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से एक दिन पहले न्यूजीलैंड के पीएम लक्सन ने भारत के साथ व्यापारिक संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया था. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर कहा था कि इस समझौते से न्यूजीलैंड के कारोबार को जबरदस्त गति मिलेगी और भारतीय बाजार में उसके निर्यातकों के लिए नए अवसर खुलेंगे.


