लोहरदगा : उपायुक्त ने राष्ट्रीय खिलाड़ी पुष्पा कुमारी को दिया ट्रैक साइकिल, प्रतियोगिता के लिए दी शुभकामना

Lohardaga: लोहरदगा जिला में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल की गयी है. उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने राष्ट्रीय...

Lohardaga: लोहरदगा जिला में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल की गयी है. उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने राष्ट्रीय स्तर की साइक्लिस्ट पुष्पा कुमारी को सीएसआर मद के तहत ट्रैक साइकिल प्रदान किया. इस मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में उपायुक्त ने पुष्पा को साइकिल सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि लोहरदगा जैसे छोटे जिले में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है तो सिर्फ उन्हें सही दिशा और संसाधन उपलब्ध कराने की. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है. खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, उपकरण और मंच उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है. उपायुक्त ने यह भी कहा कि हाल के वर्षों में लोहरदगा के कई खिलाड़ियों ने जिला और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है.

यह भी पढ़ें : रेरा का जमीन मालिक पर कड़ा रुख: रांची के आहा फोर स्क्वायर मॉल प्रोजेक्ट को मिली संजीवनी, ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य

बेहतर परिणाम के लिए और अधिक मेहनत करूंगी : पुष्पा कुमारी

वहीं राष्ट्रीय साइक्लिस्ट पुष्पा कुमारी ने उपायुक्त एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ट्रैक साइकिल जैसे अत्याधुनिक उपकरण की उपलब्धता से उनके प्रदर्शन में निश्चित रूप से सुधार होगा और वे आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर परिणाम देने के लिए और अधिक मेहनत करेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन द्वारा दिया गया यह सहयोग उनके लिए एक बड़ी प्रेरणा है. गौरतलब है कि पुष्पा कुमारी 29 अप्रैल से उत्तराखंड में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय साइक्लिंग प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही हैं. इस प्रतियोगिता को लेकर वे लगातार अभ्यास कर रही हैं. इस नई ट्रैक साइकिल से उन्हें अपनी तैयारी करने में मदद मिलेगी. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण खिलाड़ियों के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

यह भी पढ़ें : न्यूज वेव एक्सपोज : झारखंड की मेधा और करोड़ों की पूंजी पर बाहरी राज्यों का कब्जा, सालाना 300 करोड़ जाता है बाहर

जिला प्रशासन की पहल की प्रशंसा

इस अवसर पर हिंडाल्को के जीएम राजेश रंजन अंबष्ठ, सीएसआर हेड नीरज कुमार, कार्यालय से अनन्या डे, स्टेट कोच राम कुमार भट्ट, जिला कोच अंकित कुमार सिंह, खिलाड़ी पुष्पा कुमारी के अभिभावक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने पुष्पा को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के प्रयासों से न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि अन्य युवाओं को भी खेल के प्रति प्रेरणा मिलती है. यह पहल जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. लोहरदगा में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार की पहल भविष्य में भी जारी रहेगी, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *