Lohardaga : जिला के मंडुवापाठ सलैया के घने जंगलों में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से चौपहल तैयार कर रहे एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. वन विभाग ने कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की. इस दौरान वनकर्मियों ने मौके से 11 पीस चौपहल और दो पीस बोटा जब्त किया. लगातार हो रही तेज बारिश और दुर्गम जंगल क्षेत्र के बावजूद वन विभाग की टीम ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को सूचना मिली थी कि मंडुवापाठ सलैया के घने जंगलों में कुछ लोग अवैध रूप से लकड़ी काटकर चौपहल तैयार करने और उसकी तस्करी की तैयारी में जुटे हुए है. सूचना मिलते ही विभाग ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की योजना बनाई. इसके बाद वनकर्मियों ने गुप्त तरीके से जंगल में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की.
एक आरोपी गिरफ्तार और एक फरार
काफी देर तक निगरानी और घात लगाकर बैठने के बाद टीम ने एक व्यक्ति को जंगल के भीतर चौपहल तैयार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. वन विभाग की टीम को देखते ही अन्य लोग मौके से भागने में सफल हो गए. जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

बाहर भेजने की थी तैयारी
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने मौके से 11 पीस चौपहल और दो पीस बोटा बरामद कर जब्त कर लिया. अधिकारियों के अनुसार जब्त लकड़ियां काफी मूल्यवान है और इन्हें अवैध रूप से तैयार कर बाहर भेजने की तैयारी की जा रही थी. विभाग मामले में वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
इस सफल अभियान में वन विभाग की टीम के सदस्य प्रवीण उरांव, लाल अनूप शाहदेव, एक वॉचर और वाहन चालक की महत्वपूर्ण भूमिका रही. टीम की सतर्कता, साहस और समर्पण के कारण अवैध लकड़ी कारोबार पर अंकुश लगाने में विभाग को महत्वपूर्ण सफलता मिली है. वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले के जंगलों में अवैध कटाई, लकड़ी तस्करी और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा. दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.


