Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित कार्मेल उच्च विद्यालय में शनिवार को प्रोत्साहन विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया. समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, विशिष्ट अतिथि लोयला स्कूल ललपनिया के एचएम फादर रमेश तथा कार्मेल स्कूल की एचएम सिस्टर प्रेमलता लॉरेंस ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया. विद्यालय की एचएम सिस्टर प्रेमलता लॉरेंस ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
स्कूल टॉपर सिद्धी कुमारी को सिस्टर वेरोनिका अवार्ड से किया गया सम्मानित
समारोह में झारखंड दसवीं बोर्ड परीक्षा में विद्यालय की टॉपर रही छात्रा सिद्धी कुमारी एवं उनके माता-पिता को मुख्य अतिथि और विद्यालय की एचएम द्वारा सिस्टर वेरोनिका अवार्ड के तहत 10 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया. इसके अलावा परीक्षा में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं छात्राएं लाडली एवं संस्कृति को भी शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ कराटे, एथलेटिक्स एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया.

ALSO READ: सोनाहातु: SIR ड्यूटी के दौरान आंगनबाड़ी सेविका की मौत, मानदेय और नौकरी की मांग तेज
बीडीओ ने विद्यार्थियों को मेहनत और निरंतर प्रयास का दिया संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में एक विशेष प्रतिभा होती है, जिसे सही मार्गदर्शन और नेतृत्व के माध्यम से निखारा जा सकता है. उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता भी बधाई के पात्र हैं, क्योंकि बच्चों की सफलता में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है.vउन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो बच्चे इस बार शीर्ष स्थान प्राप्त नहीं कर सके हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि असफलता ही सफलता की सबसे बड़ी सीख होती है.
समारोह का संचालन शिक्षिका पूनम मरांडी, छात्र अदिल बशर खां एवं छात्रा सपना कुमारी ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका मरियम खेश ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए समारोह के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर सिस्टर मेलिश, सिस्टर रीता, सिस्टर नम्रता, फादर माइकल, फादर सिमोन, विश्वनाथ, मरियम खलखो, अमित अनुरंजन, विनोद, धनंजय, नीलम मिश्रा, मोनिका कर्मकार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.


