चाईबासा: कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के साथ छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम की प्रगति को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने की.बैठक में उपायुक्त ने प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले को छात्रवृत्ति के लिए आवंटन प्राप्त हो चुका है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र छात्र-छात्राओं की सूची जल्द तैयार कर छात्रवृत्ति राशि का भुगतान सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजैक्शन की भी जांच की जाएगी.
शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण करने का निर्देश
पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना को लेकर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति से जुड़े अभिलेखों और प्रक्रियाओं का सही तरीके से सत्यापन किया जाए, ताकि योग्य विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके.बैठक में छात्र-छात्राओं के साइकिल वितरण कार्यक्रम की प्रखंडवार समीक्षा भी की गई. जिन प्रखंडों में साइकिल वितरण की प्रगति कम पाई गई, वहां के अधिकारियों को तय समय सीमा के अंदर शत-प्रतिशत वितरण पूरा करने का निर्देश दिया गया.

आवश्यक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया
उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और छात्रवृत्ति योजनाओं के क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करने को कहा. इसके अलावा कल्याण विभाग द्वारा संचालित अस्पतालों का भी नियमित निरीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.


