Lohardaga: जिले के किस्को थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसिया गांव में जहरीले सांप के काटने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान पूनम उराइन (32), पति कजरू उरांव के रूप में हुई है, इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.
देर रात सोने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात पूनम उराइन अपने घर में परिवार के साथ सो रही थीं. इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया, शुरुआत में उन्हें इसका एहसास नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. उन्होंने बेचैनी और शरीर में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि पूनम उराइन अपने परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही थीं. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.
पुलिस ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा, इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश से बचाव के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता को उजागर किया है.
