Bokaro: चास थाना क्षेत्र में वर्षों से लंबित ग्रैंड ऑटो दुकान के भाड़ेदार द्वारा दुकान दखल का विवाद मंगलवार को अंतिम पड़ाव में पहुंच गया. न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में संबंधित दुकान को खाली कराकर उसका कब्जा प्रथम पक्ष को सौंप दिया गया. पूरी कार्रवाई कार्यपालक दंडाधिकारी सत्यबाला सिन्हा की निगरानी में संपन्न हुई. इस दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था.
वर्ष 2021 के आदेश के अनुपालन में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, यह मामला परमेन्द्र कौर और मेसर्स इंटरनेशनल ट्रेडिंग कम्पनी, प्रोपराइटर बिनोद कुमार महेश्वरी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद से जुड़ा है. मामले की सुनवाई के बाद अनुमंडल पदाधिकारी-सह-नियंत्रक, चास की अदालत ने वर्ष 2021 में आदेश पारित करते हुए द्वितीय पक्ष को मौजा चास स्थित खाता संख्या 566 के प्लॉट संख्या 6995 एवं 6998 पर निर्मित दुकान खाली कर प्रथम पक्ष को सौंपने का निर्देश दिया था. हालांकि, आदेश पारित होने के बावजूद उसका अनुपालन नहीं हो सका, जिसके बाद प्रथम पक्ष ने न्यायालय में जारीवाद संख्या 13/2021 दायर कर आदेश के निष्पादन की मांग की थी.
मजिस्ट्रेट की निगरानी में ताला खुलवाकर दिलाया गया कब्जा
न्यायालय के निर्देश पर दुकान खाली कराने के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी सत्यबाला सिन्हा को प्रतिनियुक्त किया गया. जिनकी उपस्थिति में मंगलवार को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत दुकान का ताला खुलवाया गया. आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दुकान का कब्जा प्रथम पक्ष को सौंप दिया गया.



