Palamu: DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा की. बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण, आयुष्मान भारत, टीकाकरण, कुपोषण उन्मूलन और डिजिटल हेल्थ सेवाओं सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई.
मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर
DC ने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, नियमित प्रसव पूर्व जांच और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि मई 2026 तक जिले में संस्थागत प्रसव 95 प्रतिशत और पूर्ण टीकाकरण 94 प्रतिशत रहा है। इन आंकड़ों में और सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया.

कुपोषित बच्चों की पहचान और इलाज
गंभीर कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें माल न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर (MTC) में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए. साथ ही स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग के बेहतर समन्वय से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया.
टीबी मरीजों को मिलेगा बेहतर पोषण सहयोग
TB नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा में अधिक लोगों और संस्थाओं को “निक्षय मित्र” बनने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया. जिले में उपचाररत 1,825 टीबी मरीजों में से 162 को पोषण किट उपलब्ध कराई जा चुकी है, जबकि शेष मरीजों को जल्द सहायता देने की प्रक्रिया जारी है.
आयुष्मान कार्ड और ABHA ID बनाने में तेजी
बैठक में आयुष्मान भारत योजना और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों के आयुष्मान कार्ड और ABHA ID तेजी से बनाने के निर्देश दिए गए. जिले में अब तक 48.23 प्रतिशत एबीएचए आईडी बनाई जा चुकी हैं, जबकि जून माह में 42,446 नई आईडी तैयार की गई.
जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की तैयारी
परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत 11 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित होने वाले विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. DC ने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.


