Hazaribagh: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का बरही अनुमंडल स्तरीय प्रमुख नागरिक गोष्ठी कार्यक्रम स्थानीय प्रखंड परिसर स्थित नगर भवन में भव्य रूप से आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य अद्वैत चरण दत्त उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अद्वैत चरण दत्त एवं कोडरमा जिला सह संघचालक दयानंद चौरसिया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ किया गया. मंच संचालन एवं अतिथि परिचय का कार्य सुबोध पांडेय ने किया, जबकि संघ की प्रस्तावना उत्तर पूर्व क्षेत्र के क्षेत्र सेवा प्रमुख त्रिवेणी साव ने प्रस्तुत की.
संघ का मूल उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है
स्वयंसेवकों एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए अद्वैत चरण दत्त ने कहा, कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मूल उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण है. उन्होंने कहा कि 1925 में स्थापना के बाद से संघ ने सामाजिक समरसता, राष्ट्र चेतना और सेवा कार्यों के क्षेत्र में व्यापक योगदान दिया है. उन्होंने अपने संबोधन में कहा, कि संघ ने “एक कुआं, एक मंदिर, एक श्मशान” जैसे संदेशों के माध्यम से सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का प्रयास किया है. साथ ही सेवा भारती सहित विभिन्न संगठनों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं.

शाखाओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को किया जा रहा मजबूत
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि संघ के स्वयंसेवकों ने आपदा और संकट के समय राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा देशभर में शाखाओं के माध्यम से अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया जा रहा है. कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने राष्ट्र हित, सामाजिक समरसता और संगठन की भूमिका को लेकर सवाल पूछे, जिनका मुख्य अतिथि ने विस्तार से उत्तर दिया. अंत में जिला सह संघ चालक दयानंद चौरसिया ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया. इस अवसर पर कुल 274 प्रतिभागी उपस्थित रहे, जिनमें 66 मातृशक्ति की सहभागिता उल्लेखनीय रही. कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: नाबालिग प्रेमिका को घर में रखना पड़ा भारी, पुलिस ने प्रेमी को भेजा जेल
