जीटी रोड पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान में 5 भारी वाहन जब्त

Giridih: जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को जीटी रोड पर विशेष वाहन जांच अभियान...

Giridih: जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को जीटी रोड पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 5 ओवरलोड भारी वाहनों को जब्त किया गया. जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की टीम ने जीटी रोड के विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान बगोदर थाना क्षेत्र से 2 तथा निमियाघाट थाना क्षेत्र से 3 भारी वाहन निर्धारित भार क्षमता से अधिक लदे हुए पाए गए. नियमों का उल्लंघन करने पर सभी 5 वाहनों को जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह: डीटीओ

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में से एक है. इससे न केवल वाहन चालकों और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़कों और पुल-पुलियों को भी भारी नुकसान पहुंचता है. उन्होंने कहा कि परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

उन्होंने वाहन मालिकों एवं चालकों से निर्धारित भार क्षमता का पालन करने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. डीटीओ ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है तथा जिलेभर में नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जाते रहेंगे. प्रशासन की इस कार्रवाई से ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है. वहीं आम लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की है.

ALSO READ: पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां तेज, 28 जून से चलेगा तीन दिवसीय विशेष अभियान

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *