Giridih: जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. अवैध ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत शनिवार अहले सुबह जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 5 ओवरलोडेड वाहनों को जब्त किया गया.
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
संयुक्त टीम ने हिरोडीह थाना क्षेत्र में सघन जांच के दौरान 2 वाहनों को पकड़ा, जो निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर सड़क पर दौड़ रहे थे. वहीं जमुआ थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए 3 ओवरलोडेड वाहनों को चिन्हित कर जब्त किया गया. सभी वाहनों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
ALSO READ: गिरिडीह DC ने किया ‘अस्मिता सिटी लीग 2026’ का भव्य शुभारंभ, बेटियों ने दिखाया दम
प्रशासन का सख्त रुख, ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यह न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क हादसों का बड़ा कारण भी बनता है और सड़कों को तेजी से नुकसान पहुंचाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अब ओवरलोडिंग के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति लागू है.
उन्होंने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को चेतावनी दी गई है कि वे तय मानकों का पालन करें, वरना कार्रवाई तय है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है, नियम मानिए, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहिए. सड़क सुरक्षा से समझौता अब बिल्कुल नहीं किया जाएगा.
