देवघर में NIA और झारखंड ATS की बड़ी कार्रवाई, हथियार तस्करी के संदेह में दो हिरासत में, पूछताछ जारी

देवघर जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और झारखंड एटीएस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. गुरुवार...

देवघर जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और झारखंड एटीएस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. गुरुवार को टीम ने शहर के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है. फिलहाल दोनों से नगर थाना में कड़ी पूछताछ की जा रही है, हालांकि, जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए आधिकारिक तौर पर अभी कोई बयान जारी नहीं किया गया है.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी:

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी को देवघर में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े कुछ पुख्ता इनपुट मिले थे. इसी सूचना के आधार पर एनआईए और झारखंड एटीएस ने देवघर नगर थाना पुलिस के सहयोग से घेराबंदी शुरू की. टीम ने सबसे पहले नंदन पहाड़ के समीप स्थित नंदी नगर मोहल्ले में छापेमारी की. यहांसे एक युवक को हिरासत में लिया गया, जो अपने मामा के घर पर ठहरा हुआ था. इसके तुरंत बाद, टीम ने दूसरी कार्रवाई भुरभुरा मोड़ के पास की, जहां से एक अन्य संदिग्ध युवक को पकड़ा गया.

बिहार के आरा से जुड़े हैं तार:

शुरुआती जांच में सामने आया है कि नंदी नगर से पकड़ा गया युवक मूल रूप से बिहार के आरा जिले का रहने वाला है. जानकारी के मुताबिक, इस युवक के पिता देवघर के ही एक निजी स्कूल में वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं. युवक का परिवार वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढ़िया (मेधा डेयरी के पास) में अपना घर बनाकर रह रहा है. युवक कुछ दिनों से नंदी नगर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था. छापेमारी के बाद से ही शहर में हड़कंप मचा हुआ है। दोनों संदिग्धों को नगर थाना में रखकर एनआईए और एटीएस के आला अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *