Palamu: पलामू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है और मौके से दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली सटीक सूचना के बाद सदर थाना क्षेत्र के चियांकी के पास चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान की गई.
वाहन जांच के दौरान छह गोवंशीय पशु बरामद
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत ओबरा से एक पिकअप वाहन में गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चियांकी के पास घेराबंदी कर एक सफेद रंग के पिकअप वाहन को रोका. वाहन की जांच करने पर उसमें अवैध रूप से क्रूरता के साथ लदे छह गोवंशीय पशु पाए गए, जिन्हें पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया. पशुओं के साथ ही पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने वाहन में सवार दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान बिहार के भोजपुर जिला निवासी अशोक यादव और बक्सर जिला निवासी कामता यादव के रूप में की गई है.
विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया मामला
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ डाल्टनगंज सदर थाना में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम और पशु परिवहन नियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस सफल छापेमारी दल में थाना प्रभारी अफजल अंसारी के साथ सुजित कुमार पाण्डेय, राकेश कुमार, सुरेश सिंह, रमेश महतो और अविनाश तिवारी शामिल थे.



