Ranchi: बेहतर भविष्य की उम्मीद में स्टेशन मास्टर की नौकरी छोड़कर ASO (Assistant Section Officer) बनीं मनीषा के सामने अब बड़ा संकट खड़ा हो गया है. JSSC-CGL परीक्षा रद्द किए जाने के बाद ASO की नौकरी जाने से मनीषा का भविष्य अधर में लटक गया है. मनीषा ने JSSC-CGL के जरिए ASO पद पर नियुक्ति हासिल की थी. नई नौकरी मिलने के बाद उन्होंने अपनी स्टेशन मास्टर की नौकरी छोड़कर ASO का पद ज्वाइन किया था. उन्हें उम्मीद थी कि नई नौकरी उनके करियर को बेहतर दिशा देगी, लेकिन JSSC-CGL को रद्द किए जाने के बाद उनकी नियुक्ति भी सवालों के घेरे में आ गई और अब उनकी नौकरी चली गई है.

परिवार ने सरकार से अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर समाधान की मांग
परिजनों के मुताबिक, नौकरी जाने के बाद से मनीषा काफी तनाव में हैं. उनका दावा है कि मनीषा की तबीयत लगातार बिगड़ रही है और वह बार-बार बेहोश हो रही हैं. नौकरी जाने से परिवार भी उनके भविष्य को लेकर चिंतित है. मनीषा का मामला उन अभ्यर्थियों की परेशानी को सामने लाता है, जिन्होंने बेहतर भविष्य की उम्मीद में अपनी पुरानी नौकरी छोड़कर JSSC-CGL के जरिए मिली नई नौकरी को चुना था. अब परीक्षा रद्द होने के बाद नई नियुक्ति खत्म होने से उनके सामने फिर से रोजगार का संकट खड़ा हो गया है. परिवार की मांग है कि सरकार ऐसे अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकाले, जिन्होंने नई नियुक्ति पर भरोसा करके अपनी पुरानी सरकारी नौकरी तक छोड़ दी थी.
ALSO READ: पेट्रोल पंप के पैनल में शॉर्ट सर्किट से हुआ था ब्लास्ट, जांच के लिए BDS को बुलाया गया

