Chaibasa: शहर के हरिजन बस्ती, तोड़ेतोपा क्षेत्र में मंगलवार रात एक विवाहिता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान 26 वर्षीय मनीषा मुखी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से सरायकेला थाना क्षेत्र के धर्मडीहा की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने पति गुरुआ मुखी के साथ किराए के मकान में रह रही थी.
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले मनीषा मुखी ने अपने पति को ATM कार्ड देकर बाजार से सामान लाने के लिए भेजा था. पति के घर से निकलने के कुछ देर बाद उसने कमरे में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. कुछ समय बाद जब पति घर लौटा तो पत्नी को फंदे से लटका पाया. उसने तत्काल उसे नीचे उतारकर CPR देने का प्रयास किया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है. बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मामले की जांच के लिए पुलिस अधिकारियों ने मृतका के पति और परिजनों से पूछताछ की है. पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. बताया जाता है कि मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जो स्कूल में पढ़ाई करते हैं. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.
ALSO READ: अलविदा दीपेश जी : पत्रकारिता जगत ने खोया अपना एक चमकता सितारा, शोक में डूबा मीडिया जगत


