Bokaro: सिटी थाना क्षेत्र के एलएच में शनिवार की देर शाम करीब 8 बजे बीएसएल के एलएच स्ट्रीट-15 के क्वार्टर नंबर-5 में भीषण हादसा हो गया. घर में जमा केरोसिन ऑयल के डिब्बों में किसी कारण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इस घटना में गृहस्वामी भाना झा तथा महबूब आलम बुरी तरह झुलस गए. दोनों का इलाज बीजीएच के बर्न यूनिट में चल रहा है.

बताते चलें कि बोकारो के एलएच कॉलोनी में भाना झा के घर में अचानक भीषण आग लग गई. अवैध तेल गोदाम में हुए विस्फोट के बाद घर में आग की लपटें तेज हो गईं. इसके बाद आसपास के लोगों ने अपने स्तर से फायर ब्रिगेड को फोन किया. वहीं आग बुझाने में स्थानीय लोग जुट गए. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग के प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका.
तेज धमाका और आग की लपटें देख भागे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज धमाके के साथ अवैध तेल गोदाम में आग लगी और लपटें पूरे घर में फैल गईं. आग की लपटें देख आसपास के लोग आनन-फानन में दौड़े और आग बुझाने की कोशिश करने लगे. सूचना पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, तब जाकर आग पर काबू किया जा सका. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ALSO READ: शादी का झांसा देकर विधवा महिला का वर्षों तक यौन शोषण, आरोपी गिरफ्तार
