Ranchi: झारखंड में NEET UG 2026 के जरिए मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया का कार्यक्रम एक बार फिर संशोधित किया गया है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने MBBS और BDS के पहले चरण की काउंसलिंग के लिए नई तारीखें जारी कर दी हैं. यह बदलाव मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) के निर्देश के बाद किया गया है. नए कार्यक्रम के मुताबिक अभ्यर्थियों के पास 25 अगस्त तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने का मौका रहेगा. इसी अवधि में उम्मीदवार कॉलेज और कोर्स की अपनी पसंद दर्ज कर सकेंगे. पहले से भरे विकल्पों में बदलाव भी 25 अगस्त तक किया जा सकेगा.

27 अगस्त से शुरू होगा सीट आवंटन
पहले राउंड की सीट आवंटन प्रक्रिया 27 अगस्त से 5 सितंबर तक चलेगी. इस दौरान चयनित अभ्यर्थी अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर पाएंगे. वहीं, दस्तावेजों का सत्यापन और संबंधित मेडिकल या डेंटल कॉलेज में नामांकन की प्रक्रिया 28 अगस्त से 5 सितंबर तक पूरी की जाएगी. अभ्यर्थियों को तय समयसीमा के भीतर संबंधित प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
निजी कॉलेजों की कुछ AIQ सीटें भी काउंसलिंग में
JCECEB का यह संशोधित कार्यक्रम राज्य कोटे की सीटों के साथ कुछ निजी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की ऑल इंडिया कोटा (AIQ) सीटों पर भी लागू होगा. इनमें पलामू का लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, सरायकेला-खरसावां का नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, दुमका का सिद्धो कान्हू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, खूंटी का बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस एंड रिसर्च और गढ़वा का वनांचल डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल शामिल है.
दिव्यांगता प्रमाण पत्र RIMS से जारी होगा
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS, BDS और BHMS में प्रवेश लेने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र से जुड़ी जिम्मेदारी RIMS, रांची को दी गई है.
BHMS सीटों पर अभी इंतजार
BHMS में प्रवेश की प्रक्रिया को लेकर अभी सीटों की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है. JCECEB के अनुसार स्वास्थ्य विभाग से सीटों का विवरण मिलने के बाद NEET UG के आधार पर राज्य की मेधा सूची तैयार की जाएगी. इसी सूची के आधार पर आगे सीट आवंटन किया जाएगा. पहले राउंड के बाद होने वाले दूसरे, तीसरे और स्ट्रे वैकेंसी राउंड का कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है. इनकी तारीखें MCC के निर्देश के बाद तय होंगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि काउंसलिंग से जुड़ी नई सूचना के लिए JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.
ALSO READ : पलामू: जंगल से 10 किमी दायरे में कितने लाइसेंसी हथियार? PTR ने पांच जिलों से मांगा ब्योरा

