Ranchi: प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र संगठनों ने एक बार फिर सरकार से कार्रवाई की मांग की है. ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) ने महेंद्र सिंह भवन, काली मंदिर, मेन रोड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर JPSC-JSSC की परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जल्द जांच कराने की मांग की. RYA के महासचिव नीरज कुमार ने कहा कि छात्र और युवा लंबे समय से परीक्षा में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने कुछ परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया, लेकिन हाईकोर्ट ने उस फैसले पर रोक लगा दी. अब सरकार को पूरे मामले की सही तरीके से जांच करानी चाहिए. उन्होंने मांग की कि जिन परीक्षाओं में गड़बड़ी की आशंका है, उनकी SIT से जांच कराई जाए. जांच में अगर किसी अभ्यर्थी के गलत तरीके से परीक्षा में शामिल होने की बात सामने आती है, तो उसकी पहचान कर कार्रवाई की जाए. उन्होंने मामलों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की भी मांग की. नीरज कुमार ने कहा कि 11वीं-13वीं JPSC परीक्षा के बाद FSO, JSSC-CGL और CDPO परीक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं. उन्होंने दावा किया कि 50 से ज्यादा मामले जांच के दायरे में हैं. ऐसे में सरकार को छात्रों के हित में पारदर्शी जांच करानी चाहिए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो सके.

24 अगस्त को धनबाद में छात्र-युवा संसद
AISA के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ ने बताया कि 24 अगस्त को धनबाद में छात्र-युवा संसद आयोजित होगी. इसमें बिहार और झारखंड के छात्र आंदोलनों से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम में पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी, भ्रष्टाचार, रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि छात्रों की छात्रवृत्ति, क्लस्टर सिस्टम, लेट सेशन और छात्र संघ से जुड़े मुद्दों को भी छात्र-युवा संसद में उठाया जाएगा. संगठन ने कहा कि रोजगार के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार से लगातार सवाल किए जाएंगे और छात्रों-युवाओं के आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा.

