Chakradharpur: वन विश्रामागार चक्रधरपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई. बैठक में मन की बात, विशेष गहन पुनरीक्षण तथा “मोदी जी के 12 साल- विकास के, विश्वास के, जनकल्याण के” विषयों पर गहन चर्चा की गई.
मन की बात कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने का किया गया आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसारित “मन की बात” कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनना है तथा सरल ऐप में इसकी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करनी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का “मन की बात” कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है और बूथ समिति के सदस्यों को भी इससे जोड़ा जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि पिछले छह माह से चक्रधरपुर जिले की रिपोर्टिंग शून्य है, जिसे सुधारने की आवश्यकता है. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 31 मई 2026 को सुबह 11 बजे अपने-अपने बूथों पर “मन की बात” कार्यक्रम सुनना सुनिश्चित करने का आह्वान किया.

वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं. ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि केंद्र सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाएं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान किया. वहीं, इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिला स्तर पर अमरेश प्रधान को जिला संयोजक तथा दीपक सिंह को सह संयोजक बनाया गया.
SIR कार्यक्रम को लेकर भी की गई चर्चा
बैठक में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यक्रम को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यक्रम लंबे समय तक चलने वाला है और सभी बूथ केंद्रों पर BLA-2 का गठन कर लिया गया है. BLA-2, BLO के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों का निष्पादन करेंगे. मतदाता सूची में छूटे हुए लोगों का नाम जोड़ना तथा अवैध मतदाताओं को हटाने का कार्य गंभीरता एवं बारीकी से करना है. उन्होंने बताया कि चक्रधरपुर विधानसभा के BLA-1 डॉ. विजय सिंह गागराई हैं, जबकि मनोहरपुर विधानसभा के BLA-1 स्वयं जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक हैं. कार्यक्रम को जिला स्तर पर सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मालती गिलुवा को संयोजक तथा परेश मंडल एवं किशोर डागा को सह संयोजक बनाया गया है.
केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए बनाई गई रणनीति
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी एवं गरीब कल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर भी रणनीति बनाई गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा. इस अभियान के लिए गोरखनाथ उर्फ डारे बोदरा को जिला संयोजक बनाया गया, जबकि सरना बोयपाई, किशोर डागा एवं रविंद्र प्रसाद गुप्ता को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई. बैठक में मंडल एवं जिला स्तर के वरीय कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बातें करोड़ों की, चिट्ठियां तर्कों की, और अंत में ऑल इज वेल की एक फोटो पर बात खत्म
