Click Here
Click Here
Click Here

दिशा बैठक में शामिल नहीं हुए मंत्री इरफान अंसारी, समाहरणालय से लौटने पर तेज हुई चर्चाएं

Jamtara: जिला समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में दुमका...

Jamtara: जिला समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में दुमका सांसद नलिन सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे. सारठ विधायक चुन्ना सिंह भी बैठक में शामिल हुए. वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी समाहरणालय पहुंचे जरूर, लेकिन बैठक में शामिल हुए बिना ही वापस लौट गए. इसके बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.

बैठक में उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह समेत जिले के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठक सुबह 11 बजे शुरू होनी थी. मुख्य अतिथि नलिन सोरेन करीब 11:30 बजे तक बैठक में पहुंच गए थे, जबकि मंत्री इरफान अंसारी लगभग 1 बजे समाहरणालय पहुंचे. इस दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल परिवारों से मुलाकात की, लेकिन दिशा बैठक में शामिल नहीं हुए.

WhatsApp Image 2026-06-13 at 2.57.59 PM (1)

वापसी को लेकर अलग-अलग चर्चाएं

सूत्रों के अनुसार मंत्री के लौटने के पीछे यह कारण बताया जा रहा है कि उनके स्वागत के लिए समाहरणालय के मुख्य गेट तक कोई वरिष्ठ अधिकारी या जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा था, जिससे वे नाराज हो गए. हालांकि मंत्री ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा कि उन्हें अन्य जरूरी कार्य से जाना पड़ रहा है.

योजनाओं की समीक्षा और अधिकारियों को निर्देश

दिशा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की गई. बैठक के बाद सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया है और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने तथा लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए.

रोजगार और पलायन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पलायन पर रोक लगाई जा सके.

एम्बुलेंस व्यवस्था पर जताई चिंता

गोपालपुर पंचायत के सोहरजोड़ा निवासी मोनी टुडू को समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने और ट्रैक्टर से सदर अस्पताल ले जाने की घटना पर सांसद ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि अस्पतालों में 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहनी चाहिए. आपात स्थिति कभी भी उत्पन्न हो सकती है, इसलिए स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है.

विधानसभा अध्यक्ष बोले- मंत्री को बैठक में आना चाहिए था

मंत्री इरफान अंसारी के बैठक में शामिल नहीं होने के सवाल पर नलिन सोरेन ने कहा कि मंत्री को आमंत्रित किया गया था, लेकिन किसी कारणवश वे बैठक में शामिल नहीं हो सके. वहीं विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने कहा कि दिशा की बैठक प्रत्येक जिले में निर्धारित अंतराल पर आयोजित की जाती है.

इसमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की जाती है और जिन योजनाओं की प्रगति धीमी होती है, उन्हें गति देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जाते हैं. मंत्री की अनुपस्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंत्री जी को बैठक में आना चाहिए था, लेकिन संभवतः किसी कारणवश वे शामिल नहीं हो पाए.

समर्थकों में दिखी मायूसी

मंत्री के बैठक में शामिल नहीं होने का मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उनके आगमन को लेकर बड़ी संख्या में समर्थक समाहरणालय परिसर में पहुंचे थे और लंबे समय तक इंतजार करते रहे. मंत्री के अचानक लौट जाने के बाद समर्थकों में भी मायूसी देखी गई.

ALSO READ: हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का चयन ट्रायल 22 जून को

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *