Hazaribagh: हजारीबाग में हुए चर्चित मामले को लेकर अब सियासत गरमा गई है. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया, कि घटना की सच्चाई को दबाने और मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है. मंत्री ने कहा कि वे पीड़ित परिवार से मिलने और उनका दुख बांटने हजारीबाग गए थे. उस वक्त परिवार गहरे सदमे में था और बातचीत की स्थिति में नहीं था. उन्होंने बताया कि मृतक के भाई ने भी मीडिया से यही कहा था कि परिवार पूरी तरह टूट चुका है. इसी दौरान हल्का विवाद हुआ, जिसके बाद वे तुरंत वहां से निकल गए.
बयान और मौजूदगी को गलत तरीके से पेश किया गया
इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि इसके बाद उनके बयान और मौजूदगी को गलत तरीके से पेश किया गया और जानबूझकर उनका नाम विवाद में घसीटा गया. उन्होंने इसे “झूठ और प्रोपेगेंडा की राजनीति” बताया. मंत्री ने यह भी कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का अहम हिस्सा हैं और उनका सम्मान जरूरी है, लेकिन उस समय परिवार की मानसिक स्थिति को समझना भी उतना ही जरूरी था.
उन्होंने बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस जघन्य घटना को दबाने की साजिश हो रही है? साथ ही भरोसा दिलाया कि सच्चाई सामने लाई जाएगी, दोषियों को सजा मिलेगी और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: बंदगांव प्रखंड में 30 अप्रैल को होगी पंचायत समिति की अहम बैठक, प्रमुख ने दी पदाधिकारियों को सख्त हिदायत
