Ranchi:राजधानी रांची में रथ मेला का आज अंतिम दिन है. इस ऐतिहासिक रथ मेला में आज रांची और आसपास के इलाकों से आए हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. मेले के समापन के अवसर पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है. अंतिम दिन होने के कारण लोगों में भारी उत्साह और उत्सुकता देखने को मिल रही है.
पुलिस कंट्रोल रूम से चप्पे-चप्पे पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए हैं. पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए एक पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से अधिकारी सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं. भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए मेले में सैकड़ों की संख्या में पुलिस जवानों और महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है. इसके साथ ही सादे लिबास में भी पुलिस बल के जवान तैनात हैं जो संदिग्धों पर नजर रख रहे हैं.

आकर्षण का केंद्र बनीं दुकानें, बच्चों में भारी उत्साह
मेले में लगे तरह-तरह की दुकानें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं. पारंपरिक मिठाइयों, हस्तशिल्प, घरेलू सामान और कपड़ों की दुकानों पर महिलाओं और युवाओं की भीड़ देखी जा रही है. मेले में लगे विभिन्न प्रकार के झूलों का बच्चों और बड़ों ने जमकर आनंद लिया. खिलौनों की दुकानों पर बच्चों की भीड़ है, जहां वे अपनी पसंद के खिलौने, गुब्बारे और बांसुरी खरीदते नजर आए. दुकानदारों का कहना है कि अंतिम दिन होने के कारण बिक्री में काफी तेजी आई है.

भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो रहा है मेला
प्रशासन और जगन्नाथपुर मंदिर कमेटी के सहयोग से इस वर्ष का रथ मेला शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हो रहा है. आज मेला का अंतिम दिन है. वहीं धूप और उमस के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था भारी पड़ती दिखाई दे रहे हैं. श्रद्धालुओं ने भगवान का आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि की कामना की और मेले की यादों को समेटते हुए अपने घरों की ओर लौट रहे हैं.
ALSO READ: चतरा पुलिस का बड़ा एक्शन;1 करोड़ की अफीम और डोडा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
