Ranchi: झारखंड में मानसून की एंट्री के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों से गुजर रही ट्रफ लाइन के असर से राज्य में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा रांची, जामुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है. 23 जून तक झारखंड के बचे हुए हिस्सों, बिहार और ओडिशा में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल हैं. आने वाले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन और वज्रपात के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे का हाल: तोपचांची में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य में कई जगहों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. धनबाद के तोपचांची में सबसे अधिक 40.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. तापमान की बात करें तो सरायकेला 39.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
डालटेनगंज में 38.6 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 38.4 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 37.4 डिग्री सेल्सियस, बोकारो थर्मल में 37.1 डिग्री सेल्सियस, खूंटी में 35.3 डिग्री सेल्सियस और रांची में 35.2 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया.
आंधी और वज्रपात की चेतावनी: रहें सावधान
मौसम विभाग ने 21 और 22 जून को लेकर राज्य में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. 21 जून को उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों (देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज) में कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है.
वहीं, 22 जून को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में इसी रफ्तार से हवाएं चलेंगी. राज्य के बाकी हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है.
कैसा रहेगा आगामी दिनों का मौसम और तापमान
अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी. हालांकि, इसके बाद के तीन दिनों में तापमान फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है.
23 से 25 जून के बीच उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होगी. वहीं 26 और 27 जून को पूरे राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान है.
ALSO READ: हजारीबाग : बड़कागांव की अवैध कोयला खदान में बड़ा हादसा, चाल धंसने से एक की मौत, दो घायल
राजधानी रांची का मौसम पूर्वानुमान
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 21 और 22 जून को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा. इसके बाद 23 से 27 जून के बीच शहर में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ वर्षा की संभावना बनी रहेगी, जिससे अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है.


