Ranchi: रांची में मुहर्रम पर्व 26 और 27 जून को मनाया जाएगा. शिया समुदाय 26 जून को जबकि सुन्नी समुदाय 27 जून को जुलूस निकालेगा. इसे देखते हुए रांची की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. 27 जून को निकलने वाले ताजिया एवं जुलूस को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है. शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस के कारण सुबह 11 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर निजी और यात्री वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा.
यातायात पुलिस ने बताया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है. शहरवासियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें और प्रतिबंधित मार्गों से बचें. आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी यातायात डायवर्ट किया जा सकता है.

ट्रैफिक व्यवस्था इस प्रकार रहेगी
– किशोरी यादव चौक से अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक होते हुए शहीद चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इसी प्रकार शहीद चौक से अपर बाजार तथा सुभाष चौक से अपर बाजार और महावीर मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी प्रतिबंध रहेगा.
– कचहरी चौक से शहीद चौक और अल्बर्ट एक्का चौक की ओर जाने वाले मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन नहीं होगा. चडरी तालाब, प्लाजा चौक तथा पुरुलिया रोड से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.
– एसएन गांगुली रोड, विष्णु गली, बुधिया गली और राधेश्याम गली से मेन रोड की ओर आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. सुजाता चौक, उषा हाउस, कर्बला चौक, कडरू स्थित रेडिसन ब्लू होटल क्षेत्र, कमांडेंट आवास मोड़, मेकॉन चौक तथा तुलसी चौक से मेन रोड अथवा राजेंद्र चौक और अंबेडकर चौक की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा.
ALSO READ: PVTG मतदाताओं को SIR में परेशानी न हो, पहले से व्यवस्था करें पदाधिकारी : के. रवि कुमार


