Hazaribagh: नगर निगम ने सोमवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की. नगर आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान 12 से 15 अस्थायी दुकानों को हटाया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों से 6,000 रुपये जुर्माना भी वसूला गया.
एसपी कोठी से दिपुगढ़ा चौक तक चला अभियान
नगर निगम की टीम ने एसपी कोठी से दिपुगढ़ा चौक तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. अभियान शुरू होते ही सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाने वाले लोगों में हड़कंप मच गया. निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर लगाए गए अस्थायी ढांचों को हटाया.

15 तक अस्थायी दुकानें हटाई गईं
कार्रवाई के दौरान मुख्य रूप से सड़क किनारे संचालित 12 से 15 अस्थायी दुकानों को ध्वस्त किया गया. नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी, कि दोबारा उसी स्थान पर अतिक्रमण करने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ नगर निगम ने आर्थिक दंड की कार्रवाई भी की. अभियान के दौरान कुल 6,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया. निगम प्रशासन का कहना है कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.
बारिश बनी बाधा, बीच में रोकना पड़ा अभियान
अभियान के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो जाने के कारण कार्रवाई को बीच में ही रोकना पड़ा. हालांकि नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि मौसम सामान्य होने पर इसे आगे बढ़ाया जाएगा.
कन्हरी हिल रोड तक जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम के अनुसार आगामी दिनों में दिपुगढ़ा चौक से कन्हरी हिल रोड तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है, कि वे स्वयं ही सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जे हटा लें, अन्यथा निगम की टीम कार्रवाई करेगी.
ये अधिकारी रहे मौजूद
अभियान में सिटी मैनेजर उपेंद्र कुमार, संतोष कुमार, तहसीलदार प्रदीप गोस्वामी, मार्शल बबलू यादव, अमर प्रसाद, सुनील कुमार, इरशाद राजा समेत नगर निगम की टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की पहल
नगर निगम का कहना है कि सड़क और फुटपाथ आम लोगों की सुविधा के लिए हैं. अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसी उद्देश्य से शहर में चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: DGP तदाशा मिश्रा से IFS मनीता के.ने की मुलाकात जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा


