पलामू : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में आज हुसैनाबाद नगर पंचायत द्वारा शहर के टाउन हॉल में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में शहरी क्षेत्र के सभी सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया. समारोह में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना की. इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने मजदूरों के मान-सम्मान पर विशेष जोर दिया.
उन्होंने कहा कि ‘हमें मजदूरों के साथ हमेशा सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए. समाज के निर्माण में उनका खून-पसीना शामिल है. हमारा कर्तव्य है कि हम श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें. यदि हम किसी मजदूर से सेवा ले रहे हैं, तो यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है कि उन्हें उनका पूरा मेहनताना समय पर मिले. साथ ही, समाज से बाल श्रम जैसी कुरीतियों को मिटाने के लिए हमें एकजुट होकर छोटे बच्चों से काम करवाने की प्रथा का पुरजोर विरोध करना होगा.’ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन ने सफाई कर्मियों के मनोबल को बढ़ाते हुए घोषणा की हैं कि यह परंपरा भविष्य में भी जारी रहेगी, आगे उन्होंने कहा कि ‘नगर की स्वच्छता को बनाए रखने में हमारे सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, नगर पंचायत प्रशासन इनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है.
शुरू हुई नयी परंपरा,अब हर वर्ष होगा ये आयोजन
सफाई मजदूरों के कार्यों को सम्मान देने के लिए अब प्रत्येक वर्ष नगर पंचायत द्वारा इसी प्रकार सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा. समारोह के अंत में सभी सफाई कर्मियों को उपहार, प्रशस्ति व भीष्म गर्मी को देखते हुए पानी बोतल देकर सम्मानित किया गया. वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सफाई कर्मी शहर के ‘असली हीरो’ हैं और उनके बिना स्वच्छ शहर की कल्पना असंभव है. इस अवसर पर नगर पंचायत की पूरी टीम और स्थानीय समाजसेवी मौजूद रहे.
जिनमें मुख्य रूप से नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी, नगर प्रबंधक हिमानी बाड़ा, नगर मिशन प्रबंधक राकेश सिंह, लेखापाल रविकांत पटेल,वार्ड पार्षद अनीता शाह, बबीता देवी, पियारिया देवी, अभिमन्यु कुमार गुप्ता, राजेंद्र पाल, सरवरी बीबी, उमा देवी, शंभू कुमार, अनवर आलम, नेपुरी देवी, युवा समाजसेवी प्रदीप पटेल (पीपी) एवं नगर पंचायत कनीय अभियंता अभिजीत दुबे, अजित गुप्ता, आशीष सिंह, सुधांशु तिवारी, विक्रम तिवारी,सफ़ाई सुपरवाइजर अवधेश कुमार, संजीत कुमार, रवि कुमार, कार्यालय कर्मी विकास कुमार, सफ़ाई कर्मी कन्हाई राम, जितेंद्र राम, रामधनी राम के अलावा अन्य कर्मी मौजूद थे.
ALSO READ: रामगढ़ पुलिस की कार्रवाई: 274 साइबर अपराधों में शामिल गिरोह का भंडाफोड़, 4 अपराधी गिरफ्तार
