Ranchi: महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण को नई मजबूती देने की दिशा में रांची जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए कुलगु, नगड़ी में वन स्टॉप सेंटर (OSC) का शुभारंभ किया. जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की उपस्थिति में शुरू हुए इस केंद्र के माध्यम से हिंसा, घरेलू उत्पीड़न, यौन शोषण और अन्य प्रकार के अत्याचार की शिकार महिलाओं को एक ही स्थान पर समग्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि अब पीड़ित महिलाओं को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि चिकित्सा, कानूनी, मनोसामाजिक परामर्श और आश्रय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में मिलेंगी.

एक ही स्थान पर मिलेंगी कई सुविधाएं
वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं को आपातकालीन सहायता, चिकित्सा उपचार, पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में सहयोग, कानूनी परामर्श, मनोसामाजिक काउंसलिंग, अस्थायी आश्रय और सुरक्षित परिवहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
केंद्र के माध्यम से 108 एंबुलेंस सेवा एवं पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर तत्काल सहायता भी सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही पीड़ित महिलाओं और उनके बच्चों के लिए सुरक्षित आश्रय गृह की व्यवस्था भी की गई है.
181 हेल्पलाइन पर मिलेगी मदद
जिला प्रशासन ने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की शिकार महिलाएं टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क कर वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकती हैं.
महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय महिला संगठनों ने इस केंद्र को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया. इस मौके पर स्थापना उप समाहर्ता बिवेक कुमार सुमन, अंचल अधिकारी नगड़ी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नगड़ी, थाना प्रभारी नगड़ी एवं सीडीपीओ नगड़ी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.
