Ranchi : राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 में सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना के तहत 2.64 करोड़ से अधिक धोती, साड़ी और लुंगी का वितरण करेगी. योजना का लाभ अंत्योदय अन्न योजना, प्रायोरिटी हाउसहोल्ड और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के लाभुकों को मिलेगा. कपड़ों का वितरण ब्लॉक मुख्यालयों और निर्धारित वितरण केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा. आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पूरे वित्तीय वर्ष को दो छमाही में विभाजित किया गया है.
Also Read : सरायकेला : हाथी प्रभावित गांवों में समाजसेवी वशिष्ठ नारायण ने बांटी लाइट-पटाखे, राहत राशि दी,
कपड़ों की गुणवत्ता के लिए तय किए गए सख्त मानक
सरकार ने लाभुकों को बेहतर गुणवत्ता के वस्त्र उपलब्ध कराने के लिए सख्त तकनीकी मानक निर्धारित किए हैं. ब्लीच्ड व्हाइट धोती की न्यूनतम लंबाई 4.50 मीटर, साड़ी की लंबाई 5.50 मीटर और मल्टी कलर्ड चेक्ड लुंगी की लंबाई 2 मीटर तय की गई है. कपड़ों की गुणवत्ता की जांच कपड़ा मंत्रालय की टेक्सटाइल कमेटी की प्रयोगशालाओं द्वारा रैंडम आधार पर की जाएगी. पहली छमाही में 66 लाख साड़ियां, 39.60 लाख धोतियां और 26.40 लाख लुंगियों की आपूर्ति की जाएगी.
देरी और खराब गुणवत्ता पर होगी कार्रवाई
कार्यादेश जारी होने के बाद आपूर्तिकर्ता को 120 दिनों के भीतर निर्धारित गोदामों और ब्लॉक मुख्यालयों तक वस्त्र पहुंचाने होंगे. आपूर्ति में प्रत्येक 15 दिन की देरी पर बिना आपूर्ति किए गए सामान की कुल कीमत का 0.5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाएगा, जो अधिकतम 10 प्रतिशत तक हो सकता है. वहीं प्रयोगशाला जांच में कपड़े मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर आपूर्तिकर्ता को 15 दिनों के भीतर पूरा स्टॉक बदलना होगा और 5 प्रतिशत अतिरिक्त पेनाल्टी भी देनी होगी.


