Ranchi:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक गणतंत्र मंडप में आयोजित एक भव्य नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2026 के पहले चरण के पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी. केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या (25 जनवरी) पर कुल 131 पद्म पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की थी. विशाल संख्या को देखते हुए इन पुरस्कारों को दो चरणों में दिया जा रहा है. आज होने वाले पहले फेज के समारोह में 66 उत्कृष्ट हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि शेष विजेताओं को दूसरे चरण के समारोह में पुरस्कार दिए जाएंगे.

आज के समारोह का मुख्य आकर्षण, किसे क्या मिलेगा?
सोमवार को आयोजित हो रहे इस गरिमामयी समारोह में राष्ट्रपति द्वारा कुल 66 पुरस्कार बांटे जाएंगे, जिनमें निम्नलिखित शामिल हैं.
पद्म विभूषण: 02
पद्म भूषण: 06
पद्म श्री: 58
आज के समारोह में सिनेमा जगत के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा जाएगा.
खेल और कला जगत के बड़े सितारों को पद्म श्री:
आज के समारोह में खेल, सिनेमा और संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित किया जाना है. जिनमें मशहूर बॉलीवुड सिंगर अलका याग्निक को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा, वहीं, अपनी दमदार अदाकारी के लिए मशहूर अभिनेता आर माधवन को पद्म श्री दिया जाएगा. इसके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और स्टार ओपनर रोहित शर्मा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्टार गोलकीपर सविता पूनिया (हॉकी) और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को खेल के क्षेत्र में उनके शानदार योगदान के लिए पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
2026 की पद्म सूची: महिलाओं और प्रवासियों का प्रतिनिधित्व:
इस वर्ष घोषित किए गए कुल 131 पुरस्कारों की सूची में समाज के हर वर्ग और वैश्विक स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले लोगों को शामिल किया गया है. कुल विजेताओं में से 19 महिलाएं शामिल हैं.
